बीट निरीक्षण, वृक्ष संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा पर वन कर्मचारियों को दी गई जानकारी
मुंगेली वनमंडल में बीट जांच प्रशिक्षण से कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी

आनंद गुप्ता जिला संवाददाता
वन कर्मचारियों का बीट जांच प्रशिक्षण एवं क्षेत्र भ्रमण आयोजित
मुंगेली / वनमण्डल मुंगेली अंतर्गत वन परिक्षेत्र लोरमी में वन कर्मचारियों हेतु बीट जांच प्रशिक्षण एवं क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण डीएफओ अभिनव कुमार के निर्देशानुसार परिसर चंदूपारा कक्ष क्रमांक 534 में संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वन क्षेत्र में नियमित बीट निरीक्षण की प्रक्रिया को समझाना, प्रपत्रों एवं अभिलेखों का संधारण करना, वन अपराधों की रोकथाम करना तथा क्षेत्रीय कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाना था।
प्रशिक्षण के दौरान वन अधिकारियों ने कर्मचारियों को बीट स्तर पर की जाने वाली गतिविधियों, बीट पुस्तिका एवं आवश्यक रजिस्टरों का संधारण, वन अपराध अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी दी। क्षेत्र भ्रमण के दौरान वृक्ष प्रजातियों की पहचान, वन्य प्राणियों के संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा तथा अवैध कटाई रोकने संबंधी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों को बताया कि बीट निरीक्षण और क्षेत्रीय भ्रमण केवल कार्य की दिनचर्या का हिस्सा नहीं है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और वन क्षेत्र की सुरक्षा में यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने वन रक्षकों की भूमिका को समाज एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर डीएफओ अभिनव कुमार ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से वन कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और वे अपने क्षेत्र में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वन संरक्षण केवल विभाग का ही नहीं बल्कि समाज का भी दायित्व है और इसमें जनभागीदारी आवश्यक है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे प्राप्त प्रशिक्षण को अपने दैनंदिन कार्यों में लागू कर वन क्षेत्र की सुरक्षा एवं संरक्षण में प्रभावी योगदान देंगे।