गुणवत्ता ही प्राथमिकता: CMO ने दिए सख्त निर्देश, व्यापारियों की सुनी समस्याएं
नगर विकास पर जोर, CMO होरी सिंह ठाकुर ने किया निरीक्षण

आनंद गुप्ता जिला संवाददाता
मुंगेली / नगर पालिका परिषद मुंगेली में हाल ही में पदस्थ हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) होरी सिंह ठाकुर ने पदभार ग्रहण करते ही नगर के विकास कार्यों की गति को तेज करने का संकेत दे दिया है। उन्होंने अध्यक्ष रोहित शुक्ला एवं पार्षद विनय चोपड़ा के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान CMO ठाकुर ने ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी चेताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गोलबाजार के व्यापारियों ने रखी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान गोलबाजार क्षेत्र के व्यापारियों ने नगर पालिका अधिकारियों से मिलकर अपनी विभिन्न समस्याओं को साझा किया। मुख्य रूप से जल निकासी की समस्या, सड़क की दुर्दशा, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई। CMO ठाकुर ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।
बरसात के मद्देनजर जल संरक्षण पर जोर
शहर में हो रही निरंतर वर्षा को देखते हुए CMO ने जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही वर्षा जल संचयन हेतु संभावनाओं का अध्ययन करने के लिए भी टीम गठित करने की बात कही।